भोपाल स्मार्ट सिटी टेरी ने लॉन्च स्मार्ट टूल
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जलवायु परिवर्तन और बढ़ते शहरी तापमान की चुनौती से निपटने के लिए स्मार्ट कूलिंग सर्फेसेस एक प्रभावी समाधान बनकर उभर रही हैं। इन तकनीकों के उपयोग से शहरी क्षेत्रों का तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक कम किया जा सकता है। इसके लिए व्यवहारिक प्रदर्शन (प्रैक्टिकल डेमॉन्स्ट्रेशन) आधारित परियोजनाओं को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
यह बात कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सदर मंजिल में आयोजित विषयक कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम का आयोजन भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और द एनर्जी एंड रिसोर्सेस इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि प्राचीन भारतीय निर्माण पद्धतियों में चूना मिट्टी और प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग तापमान नियंत्रण के लिए किया जाता था जबकि वर्तमान में कंक्रीट आधारित निर्माणों के बढ़ते उपयोग से शहरी क्षेत्रों में हीट आइलैंड प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य के शहरों के मास्टर प्लान में स्मार्ट कूलिंग तकनीकों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि भोपाल में विकसित की जा रही एआई सिटी आईटी सिटी और एजुकेशन सिटी जैसी नई परियोजनाओं में भी स्मार्ट कूलिंग सर्फेस तकनीकों को अपनाकर पर्यावरणीय रूप से अधिक अनुकूल और रहने योग्य शहरी वातावरण विकसित किया जा सकता है।
भोपाल स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजू अरुण कुमार ने कहा कि भोपाल स्मार्ट सिटी और टेरी द्वारा स्मार्ट कूलिंग सर्फेस के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है ताकि इस तकनीक के लाभों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा सके और इसके उपयोग को प्रोत्साहित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट कूलिंग से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों का प्रस्तुतीकरण किया गया तथा स्मार्ट सर्फेसेस बेनिफिट-कॉस्ट एनालिसिस टूल नामक वेब आधारित प्लेटफॉर्म का शुभारंभ भी किया गया जो विभिन्न परियोजनाओं में स्मार्ट कूलिंग तकनीकों के आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों का आकलन करने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में टेरी के सीनियर डायरेक्टर संजय सेठ स्वास्तिक सस्टेनेबल सर्विसेस के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेन्द्र वाजपेयी जे.के. व्यास सहित विभिन्न विशेषज्ञ अधिकारी एवं हितधारक उपस्थित रहे।

Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #जलव #शहर #पटन