सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केंद्र, भोपाल द्वारा कक्षा 11वीं से स्नातक स्तर तक के विद्यार्थियों के लिए फॉरेंसिक विज्ञान तथा 3डी मॉडलिंग एवं प्रिंटिंग विषयों पर दो ज्ञानवर्धक कार्यशालाओं का सफल आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। फॉरेंसिक विज्ञान कार्यशाला में विद्यार्थियों को अपराध स्थल जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य विश्लेषण की मूलभूत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने साक्ष्य संग्रहण, सुरक्षित हैंडलिंग, फिंगरप्रिंट पहचान और ट्रेस व रक्त विश्लेषण जैसी तकनीकों को व्यवहारिक रूप से समझा। रोचक गतिविधियों के माध्यम से यह बताया गया कि अपराधों के समाधान में वैज्ञानिक तरीकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वहीं 3डी मॉडलिंग एवं प्रिंटिंग कार्यशाला में विद्यार्थियों को डिजिटल डिजाइन के माध्यम से विचारों को 3डी मॉडल में परिवर्तित करने की प्रक्रिया सिखाई गई। उन्हें 3डी प्रिंटिंग तकनीक और उसके उपयोगों से अवगत कराया गया, विशेष रूप से अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक निर्माण क्षेत्र में इसके महत्व पर प्रकाश डाला गया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में 3डी प्रिंटिंग के बढ़ते उपयोग पर भी चर्चा की गई।

कार्यशालाएं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति की भावना के अनुरूप आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुभवात्मक शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास को प्रोत्साहित करना रहा। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। आंचलिक विज्ञान केंद्र भोपाल निरंतर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में वैज्ञानिक जिज्ञासा और नवाचार को बढ़ावा दे रहा है।

#भोपाल #विज्ञानकेंद्र #फॉरेंसिकसाइंस #थ्रीडीप्रिंटिंग #विज्ञानकार्यशाला #तकनीकीशिक्षा