सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में भोपाल मंडल द्वारा अधिकृत यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने तथा रेल राजस्व में वृद्धि करने हेतु सतत प्रयास किये जा रहे हैं।
इसी क्रम में भोपाल एवं संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर 21 टिकट चेकिंग स्टाफ के सहयोग से किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पर्यवेक्षक की निगरानी में संचालित किया गया, जिसमें स्टेशन के बाहर निकलने वाले सभी रास्तों की घेराबंदी की गई ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के स्टेशन परिसर से बाहर न निकल सके।
‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान


भोपाल- इस अभियान के दौरान भोपाल से गुजरने वाली कुल 20 यात्री ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। इस जांच के दौरान 55 यात्री बिना टिकट, 25 यात्री अनुचित यात्रा टिकट एवं 01 बिना बुक सामान लेकर यात्रा के मामलें पकड़े गए, जिनसे कुल ₹47,010/- बतौर किराया व जुर्माना वसूला गया।
संत हिरदाराम नगर- इस अभियान के दौरान भोपाल से गुजरने वाली कुल 08 यात्री ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। इस जांच के दौरान 35 यात्री बिना टिकट एवं 63 यात्री अनुचित टिकट लेकर यात्रा के मामलें पकड़े गए, जिनसे कुल ₹53,970/- बतौर किराया व जुर्माना वसूला गया।


इस प्रकार भोपाल एवं संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन कुल 179 मामलों से ₹1,00,980/- का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यह अभियान यात्रियों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने हेतु आयोजित किया गया था। इस प्रकार के अभियानों से जहां रेलवे को आर्थिक लाभ प्राप्त होता है, वहीं यह यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ यात्रा सुनिश्चित करने में भी सहायक होता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। प्रतीक्षा सूची ई-टिकट एवं प्लेटफार्म टिकट पर यात्रा करना प्रतिबंधित है। प्लेटफॉर्म पर प्रवेश हेतु वैध यात्रा टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट आवश्यक है। यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट/ऐप अथवा यू टी एस ऐप के माध्यम से स्वयं भी टिकट बुक कर सकते हैं।

#भोपालस्टेशन #संथिरदारामनगर #टिकटचेकिंग #रेलवेकिलाबंदीअभियान #मध्यप्रदेशसमाचार