सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की कड़ी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। सांसद आलोक शर्मा ने गुरुवार को ग्राम – रूनाहा से बागसी मार्ग पर नव-निर्मित पुल का विधिवत लोकार्पण किया। लगभग 6 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से तैयार यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और ग्रामीणों की राह आसान करने में मील का पत्थर साबित होगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पुल के निर्माण से स्थानीय किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज और सामान लाने-ले जाने में काफी सुविधा होगी, जिससे क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा।
कार्यक्रम के दौरान बैरसिया विधायक विष्णु खत्री भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग पर एक मजबूत पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष तीरथ सिंह मीणा ने भी संबोधित किया और कार्यकर्ताओं के साथ सरकार की जनहितैषी योजनाओं पर चर्चा की। लोकार्पण समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष रामबाबू गुर्जर, मोगरा सरपंच दयाल सिंह गुर्जर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

#भोपालसमाचार, #सांसदशर्मा, #पुललोकार्पण, #विकासकार्य, #मध्यप्रदेश, #इन्फ्रास्ट्रक्चर, #लोकनिर्माण