सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा दिनांक 19 से 21 जून, 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ किया गया। इस अवसर पर केन्द्र परिसर में कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रदर्शनी लगाई गई, जिसके समक्ष आगंतुकों एवं प्रतिभागियों ने विभिन्न योगाभ्यास किए तथा योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को प्रदर्शित करने वाली जानकारीपूर्ण प्रदर्शनी से लाभान्वित हुए।
दिनांक 19 जून, 2026 को केन्द्र द्वारा विद्यालयीन विद्यार्थियों हेतु “STEM आधारित योग एवं गणितीय गतिविधियाँ” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन से जुड़े गणितीय सिद्धांतों एवं अवधारणाओं को प्रदर्शित करने वाली गतिविधि किट तैयार की, जिससे वैज्ञानिक अधिगम एवं योग अभ्यास का समन्वय स्थापित हुआ। कार्यशाला में कुल 35 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त एक चित्रात्मक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने चित्रों के माध्यम से विभिन्न योगासनों की पहचान की। उक्त प्रतियोगिता में कुल 51 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

दिनांक 20 जून, 2026 को केन्द्र में योग आधारित फिल्में एवं वीडियो प्रदर्शित किए गए। प्रतिभागियों ने फिल्म/वीडियो में प्रदर्शित योगाभ्यासों का अनुसरण करते हुए सामूहिक रूप से विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय रूप से सहभागिता की। इस सत्र में कुल 10 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
दिनांक 21 जून, 2026 को नेहरू विज्ञान केन्द्र, मुंबई द्वारा ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ के सहयोग से केन्द्र एवं उसकी उपग्रह इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु एक प्रायोगिक योग सत्र का आयोजन किया गया। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल ने उपग्रह इकाई के रूप में इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से सक्रिय सहभागिता की। केन्द्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सत्र में भाग लेते हुए विभिन्न योगाभ्यास किए तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का सामूहिक रूप से पालन किया।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #2026 #सहभ #अवसर