सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान – 2026 के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले की प्रमुख नदियों—अजनाल नदी, हलाली नदी, पातरा, केरवा नदी एवं अन्य नदियों के पुनर्जीवन का कार्य प्राथमिकता के साथ प्रारंभ किया गया है।
नदियों के सतत प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए उनसे जुड़े विभिन्न स्रोतों जैसे नालों एवं तालाबों के वेस्टवीयर (निकास बिंदु) की पहचान कर उनका सुधार एवं मुख्य धारा से पुन: जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। यह पहल जल संरक्षण के साथ-साथ भू-जल स्तर में वृद्धि की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह सभी कार्य कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं विधायक के मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के प्रमुख आयाम
वर्षा जल का संचयन एवं भू-जल स्तर में वृद्धि, सूख चुके एवं अतिक्रमित जल स्रोतों का पुनर्जीवन, ग्राम पंचायत स्तर पर तालाब, बावड़ी एवं नालों की सफाई एवं गहरीकरण, जनभागीदारी के माध्यम से श्रमदान स्व-सहायता समूह, युवा, स्कूली बच्चों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता। अभियान के अंतर्गत जिलेवासियों से अपील की कि वे इस जन आंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाकर जल संरक्षण के महत्वपूर्ण प्रयास को सफल बनाएं।

#भोपालसमाचार, #नदीपुनर्जीवन, #पर्यावरण, #जलसंरक्षण, #ग्रीनइंडिया, #सस्टेनेबिलिटी, #मध्यप्रदेश