आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : लवकुशनगर (छतरपुर) में पदस्थ रहीं डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे के कपड़े सोमवार को भोपाल में प्रदर्शन के दौरान फट गए। वे बैतूल से पदयात्रा करते हुए भोपाल पहुंची हैं। निशा तीन महीने पहले अपने पद से इस्तीफा दे चुकी हैं, लेकिन शासन ने इसे मंजूर नहीं किया है।
इससे पहले निशा ने भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा, ‘मुझे सर्वधर्म प्रार्थना करने से रोका गया। मैं सर्व समाज को लेकर चलना चाहती हूं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कट्टरपंथी विचारधारा के साथ काम कर रहे हैं।’
कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा, भोपाल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। सक्सेना ने पुलिस पर निशा बांगरे के कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। इस दौरान अंबेडकर की फोटो भी फट गई।
ग्वालियर में कांग्रेस समर्थित सरपंच की गोली मारकर हत्या
ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित लोको शेड एरिया में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार सुबह 9.30 बजे की है। युवक अपनी कार के पास खड़ा था, तभी हमलावर ने उसके सिर में गोली मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि मृतक का नाम विक्रम रावत है। वे बनहेरी पनिहार से कांग्रेस समर्थित सरपंच थे।