सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत अटल पथ पर आयोजित नि:शुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट हमारे जीवन का सुरक्षा कवच है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट अवश्य पहनें, क्योंकि हेलमेट न पहनने की छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार को प्रभावित कर सकती है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर और दोपहिया वाहन रैली को झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर 2100 हेलमेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने पांच प्रतीकात्मक चालक मनोज निगम, संदीप बिसेन, सुमित प्रधान, एनसीसी कैडेट सुश्री सान्या सिद्दीकी और अंजली सिंह को हेलमेट पहनाकर सुरक्षा संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का यह दायित्व है कि वे अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें। राज्य सरकार डिजिटल चालान, स्पीडगन, लाइव ट्रैफिक मॉनीटरिंग और फास्टटैग जैसी तकनीकों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास कर रही है। दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले जिम्मेदार नागरिक को राहवीर योजना के तहत 25,000 रुपये का प्रोत्साहन भी दिया जाएगा। भोपाल पुलिस आयुक्त श्री मिश्र ने बताया कि शहर के 37 चौराहों पर लेफ्ट टर्न फ्री कर ट्रैफिक सुगम बनाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने सभी से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और वाहन तेज गति से न चलाने की अपील की। त्वरित सहायता के लिए डायल-112 सेवा उपलब्ध कराई गई है।
#हेलमेट_सुरक्षा #सड़क_सुरक्षा #भोपाल_समाचार #मुख्यमंत्री_यादव #युवाओं_को_सुरक्षित_रखें