सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रदेश में डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देने और आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईसेक्ट द्वारा कौशल रथ के साथ एआई साक्षरता मिशन का शुभारंभ शासकीय सरोजनी नायडू गर्ल्स विद्यालय, भोपाल से किया गया। इसके बाद कौशल रथ हायर सेकंडरी विद्यालय बावड़िया पहुंचा, जहां छात्रों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा एआई की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान सरोजनी नायडू विद्यालय के 25 शिक्षकों को आईसेक्ट के फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत विशेष एआई प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों को नई तकनीकों से जोड़कर शिक्षा प्रणाली को अधिक सशक्त बनाना है। यह विशेष रूप से डिज़ाइन की गई बस प्रदेश के विभिन्न जिलों में भ्रमण कर नागरिकों को एआई के उपयोग, उसकी संभावनाओं और सुरक्षित प्रयोग के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण देगी। शुभारंभ के बाद यह अभियान रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, बुधनी, औबेदुल्लागंज, मंडीदीप, इंदौर, देवास, उज्जैन, शाजापुर और सीहोर सहित कई शहरों तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने एआई को वर्तमान समय की सबसे प्रभावशाली तकनीक बताते हुए इसके सामाजिक और आर्थिक प्रभावों पर प्रकाश डाला। विशेषज्ञों ने एआई के जिम्मेदार और सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए बताया कि यह तकनीक शिक्षा, रोजगार और दैनिक जीवन में कैसे उपयोगी साबित हो सकती है। इस अवसर पर सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि एआई साक्षरता मिशन युवाओं और आम नागरिकों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि एआई आने वाले समय में शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान करेगा। यह पहल न केवल डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देगी, बल्कि युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने में भी सहायक सिद्ध होगी।
#एआईसाक्षरता#भोपाल#डिजिटलजागरूकता#कृत्रिमबुद्धिमत्ता#तकनीकीशिक्षा#डिजिटलइंडिया#युवासशक्तिकरण#नवाचार#भविष्यकीतकनीक