सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / नई दिल्ली : भारतीय संस्कृति एवं परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित भारतीय ज्ञान परम्परा ओलम्पियाड 2025 की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, दिल्ली एवं लिटिल गुरु के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ओलम्पियाड की पंजीकरण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हो गई है। देशभर से लगभग 19,600 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित की है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो श्रीनिवास वरखेड़ी ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शोधार्थियों की भागीदारी यह सिद्ध करती है कि युवा वर्ग में भारतीय ज्ञान परम्परा और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति गहरी रुचि है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह,अभिभावकों, शिक्षकों और संस्थानों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो मदनमोहन झा ने बताया कि इस ओलम्पियाड का मुख्य उद्देश्य भारतीय ज्ञान परम्परा, संस्कृति एवं परंपराओं की समझ को गहरा करना और नई पीढ़ी में इनके प्रति जागरूकता एवं रुचि विकसित करना है। साथ ही यह ओलम्पियाड विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के विविध आयामों को समझने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगी।
भारतीय ज्ञान परम्परा ओलम्पियाड की मुख्य समन्वयक अमृता कौर ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि कक्षा 6 से 12 के प्रतिभागियों की ऑनलाइन परीक्षा सोमवार,11 अगस्त 2025 को आयोजित होगी।स्नातक,स्नातकोत्तर और पीएच.डी. वर्ग के प्रतिभागियों की परीक्षा मंगलवार,12 अगस्त 2025 को होगी। दोनों ही दिनों में परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित रहेगा।
प्रत्येक प्रतिभागी को परीक्षा के लिए कुल 1 घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा का प्रारूप पूरी तरह से ऑनलाइन होगा, और प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार इस समयावधि में परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा की लिंक आधिकारिक वेबसाइट www.sanskritolympiad.in पर परीक्षा तिथि को सक्रिय की जाएगी।
आयोजन के समन्वयक योगेन्द्र दीक्षित ने बताया कि ओलम्पियाड के प्रश्नपत्र में भारतीय दार्शनिक विचारधारा, संस्कृति, साहित्य, विज्ञान और प्राचीन भारतीय उपलब्धियों से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है। ओलम्पियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन समिति ने परीक्षा को सरल, पारदर्शी और तकनीकी दृष्टि से सुलभ बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
#भारतीयज्ञानपरम्परा #ओलम्पियाड2025 #ऑनलाइनपरीक्षा #संस्कृतविश्वविद्यालय #भारतीयसंस्कृति