सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल चौपाल, नदी पूजन, श्रमदान एवं जल मंदिर की स्थापना का कार्यक्रम तरावली माता मंदिर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष पद्मश्री मोहन नागर ने जल चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि जल है तो कल है। हर व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में जल बचाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने सामुदायिक सहभागिता से जल स्रोतों को बचाने पर जोर दिया। उन्होंने नदियों की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नदियों का संरक्षण एवं उन्हें स्वच्छ रखना हम सब की जिम्मेदारी है।

परिषद के कार्यपालक निदेशक बकुल लाड ने अपने उद्बोधन में कहा कि परिषद की जल गंगा संवर्धन योजना के तहत प्रदेश भर में जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

धार्मिक और सामाजिक सहभागिता
तरावली मंदिर के महंत गुलाब गिरी जी महाराज ने अपने उद्बोधन में जल को देवतुल्य बताते हुए कहा कि नदियों का संरक्षण हमारी संस्कृति और धार्मिक कर्तव्य का हिस्सा है।
कार्यक्रम के पश्चात उपाध्यक्ष नागर ने तरावली माता मंदिर में जल मंदिर का शुभारंभ किया एवं परिषद नेटवर्क तथा ग्रामवासियों के साथ बाह्य नदी पर पूजन कर श्रमदान किया।
इस अवसर पर संभाग समन्वयक वरुण आचार्य, जिला समन्वयक कोकिला चतुर्वेदी, सरपंच कुलदीप सिंह जाट, ब्लॉक समन्वयक टीना शर्मा एवं ब्लॉक समन्वयक नंदकिशोर मालवीय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

#जलसंरक्षण #श्रमदान #नदीसफाई #बाह्यनदी #पर्यावरण #भोपाल #जागरूकता #स्वच्छता #पर्यावरणसंरक्षण