सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : औरैया में बुजुर्ग महिला की हत्या, अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए आरोपी

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला भूरी देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, घर में रखी नकदी और चांदी के आभूषण लूटने की साजिश फोन कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए रची गई थी। वारदात में मृतका की रिश्तेदार रेनू सेंगर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। फोन कॉन्फ्रेंस पर बनाई चोरी की योजना पुलिस के मुताबिक, मामला बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा गांव का है। भूरी देवी घर में अकेली रहती थीं, जबकि उनके पति और दोनों बेटे हरियाणा के फरीदाबाद में नौकरी करते हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के अनुसार, दशहरा से पहले रेनू सेंगर, दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे और रजित सिंह के बीच फोन कॉन्फ्रेंस पर बातचीत हुई थी। आरोप है कि रेनू ने भूरी देवी के घर में नकदी और आभूषण रखे होने की जानकारी देकर चोरी की योजना बनाई थी।

जागने पर तौलिये से घोंटा गला पुलिस की जांच के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात गोलू और एक नाबालिग दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और नकदी-जेवर चोरी करने लगे। इसी दौरान भूरी देवी की नींद खुल गई। पकड़े जाने और शोर मचने के डर से आरोपियों ने कथित तौर पर तौलिये से उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। अंतिम संस्कार में भी हुए शामिल मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पुलिस के अनुसार, संदेह से बचने के लिए आरोपी भूरी देवी के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। बाद में चोरी के सामान का बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई। नकदी और चांदी के आभूषण बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से 9,400 रुपये नकद, लगभग 60 ग्राम चांदी की एक जोड़ी तोड़िया और करीब 15 ग्राम की 11 चांदी की बिछिया बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय में होगा।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #औरैया #बुजुर्ग #महिला #हत्या #अंतिम #संस्कार #शामिल #औरैयामेंबुजुर्गमहिला