नई दिल्ली । टीम इंडिया में चयन से उत्साहित पंजाब किंग्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा कि वह भारतीय टीम की ओर से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए तैयार हैं। पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने आईपीएल के 15 वें सत्र में पंजाब किंग्स की ओर से शानदार गेंदबाजी कर सबका ध्यान खींचा था। इसी के बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है।
अर्शदीप ने स्लॉग ओवर्स में अच्छी गेंदबाजी करते हुए कई स्टार बल्लेबाजों को आउट किया था। इस आईपीएल सत्र में डेथ ओवरों में अर्शदीप ने 4 विकेट लिए और इस दौरान उन्होंने केवल 7.58 की दर से काफी कम रन दिये। इस तेज गेंदबाज ने 14 मैचों में कुल 10 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 7.70 का रहा।
उनका सबसे बढ़िया प्रदर्शन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रहा जहां उन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट लिए। इस युवा तेज गेंदबाज ने अपने चयन पर कहा, ‘मैं बहुत उत्साहित हूं पर ज्यादा नर्वस नहीं। मैं कुछ खिलाड़ियों के साथ खेल चुका हूं और उनसे अच्छे संबंध हैं। मैं इस अवसर का लाभ उठाना चाहता हूं।’ भारतीय टीम लोकेश राहुल की कप्तानी में आगामी 9 जून से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलेगी।