सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   इन दिनों सोशल मीडिया पर कांवड़ यात्रा से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लड़कियां भगवा कपड़े पहनकर डीजे पर अश्लील डांस करती नजर आ रही हैं। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कांवड़ यात्रा के साथ डीजे लगाया गया है और दो डांसर सरेआम मंच पर अश्लीलता फैला रही हैं, जबकि कुछ लोग इसका आनंद लेते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद धार्मिक भावनाओं  से जुड़े कई लोगों ने इसपर आपत्ति जताई है। इस लिस्ट में अब मशहूर भजन गायिका और पद्मश्री सम्मान प्राप्त सिंगर अनुराधा पौडवाल का नाम भी जुड़ गया है। अनुराधा पौडवाल ने इस वीडियो पर नाराजगी जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा– “ये बकवास बंद करो।”

उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स भी तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा– “ये कांवड़ यात्रा का असली रूप नहीं हो सकता। क्या भोलेनाथ का दरबार ऐसे सजता था?” वहीं दूसरे ने कहा– “सनातन धर्म की आड़ में कुछ लोग अश्लीलता फैलाकर पवित्र धार्मिक यात्रा को बदनाम कर रहे हैं।”

एक अन्य यूजर ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा– “ऐसे लोग जानबूझकर सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। ये श्रद्धा नहीं, पाखंड है।”

गौरतलब है कि अनुराधा पौडवाल वर्ष 2024 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ चुकी हैं और अब सक्रिय रूप से सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखती हैं।

इस घटना ने एक बार फिर से धार्मिक आयोजनों में मर्यादा और गरिमा बनाए रखने की जरूरत पर सवाल खड़ा कर दिया है।

#अनुराधा_पौडवाल #कांवड़_यात्रा #अश्लील_डांस #भजन_गायिका #धार्मिक_यात्रा #हिंदू_संस्कृति #सोशल_मीडिया