सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली में केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के सहकारिता मंत्रियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सहकारी योजनाओं की प्रगति, आगामी रणनीतियों और राज्यों की भागीदारी पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
हरियाणा से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और राज्य सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा भी बैठक में शामिल हुए। बैठक से पूर्व अरविंद शर्मा ने हरियाणा भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता जताई और अधिकारियों से राज्य की सहकारी योजनाओं पर चर्चा की।
अहम मुद्दों में दो लाख नई प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) की स्थापना, डेयरी और मत्स्य सहकारी समितियों के विस्तार की योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही, ‘विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना’ को मूर्त रूप देने के लिए विचार रखे गए, जिससे खाद्य सुरक्षा और किसान सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सहकारिता क्षेत्र की तीन नई बहु-राज्यीय संस्थाओं – राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड (NCEL), राष्ट्रीय सहकारी ऑर्गेनिक्स लिमिटेड (NCOL) और भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) में राज्यों की सहभागिता पर भी समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त, श्वेत क्रांति 2.0, सस्टेनेबिल डेयरी मॉडल, मक्का एवं दलहन उत्पादकों के समर्थन मूल्य जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य ‘सहकार से समृद्धि’ को साकार करने के लिए राज्यों और केंद्र के बीच सहयोग एवं समन्वय को मजबूत करना रहा।
#अमितशाह #सहकारितामंत्रालय #विकासयोजनाएं #बैठकसमीक्षा #केंद्रसरकार #हरियाणा #PACSयोजना