सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र स्थित लखनौती गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर शाम अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा टूटी हुई मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर जताया विरोध ग्रामीणों के अनुसार, गांव में अंबेडकर पार्क के लिए जमीन निर्धारित की गई है, जहां करीब चार महीने पहले बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित की गई थी। शुक्रवार शाम प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और पार्क में नई प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की। लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पार्क की चारदीवारी बनवाने की मांग भी रखी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ग्रामीण मयंक पाठक सहित अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। नई प्रतिमा लगाने की प्रक्रिया शुरू ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए प्रशासन ने नई प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी की भी तैनाती की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ था और घटना का कारण क्या रहा, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने की अपील की है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #सहारनपुर #अंबेडकर #प्रतिमा #क्षतिग्रस्त #ग्रामीणों #आक्रोश #सीएनएन #सहारनपुरमेंअंबेडकरकी