सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन करने का आज आखिरी मौका है। योग्य छात्राएं 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इस स्कॉलरशिप के तहत चयनित छात्राओं को हर साल 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह स्कॉलरशिप मुख्य रूप से उन छात्राओं के लिए है जो 12वीं के बाद उच्च शिक्षा हासिल करना चाहती हैं और निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करती हैं। चयनित छात्राओं को उनके पहले स्नातक डिग्री या डिप्लोमा कोर्स की पूरी अवधि के लिए हर साल 30,000 रुपये मिलेंगे। यानी 2 से 5 साल के कोर्स के आधार पर कुल सहायता 60,000 रुपये से 1.5 लाख रुपये तक हो सकती है।
पात्रता के अनुसार, छात्राओं ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई नियमित छात्रा के रूप में सरकारी स्कूल या कॉलेज से पूरी की होनी चाहिए और शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में पहली बार स्नातक डिग्री या 2 से 5 वर्ष के डिप्लोमा कोर्स के पहले वर्ष में प्रवेश लिया होना चाहिए। यह स्कॉलरशिप मेरिट, जाति, धर्म या आय के आधार पर नहीं है; फाउंडेशन द्वारा निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करना जरूरी है।
2026-27 के लिए स्कॉलरशिप कार्यक्रम का विस्तार आंध्र प्रदेश और दिल्ली तक किया गया है। इससे पहले यह योजना कई राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में लागू थी। फाउंडेशन के अनुसार, अब तक करीब 1.95 लाख छात्राओं को इस योजना से सहायता मिल चुकी है।
आवेदन करने के लिए छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 2026-27 स्कॉलरशिप के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करके फॉर्म सबमिट करना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख आज, 31 अगस्त 2026 है।
Hashtags: #Education #Bhopal #Desksource #लरश #2026 #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #करन