सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: आगरा DRM कार्यालय में अधिकारी का शव मिलने से हड़कंप, सुसाइड नोट बरामद
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश के आगरा में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में तैनात सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM) अभिषेक सिंह कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। रविवार देर रात उनका शव कार्यालय स्थित चैंबर में मिला। वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में रेलवे अधिकारियों की मदद से चैंबर खुलवाया गया, जहां वह अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अभिषेक मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले थे और करीब चार महीने पहले ही प्रयागराज से स्थानांतरित होकर आगरा आए थे। रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) के दौरान उनकी ड्यूटी कंट्रोल रूम में लगाई गई थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने चैंबर में चले गए थे। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी थी।
घटना के बाद उनकी पत्नी ने विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी पर मानसिक दबाव बनाने और लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी के मुताबिक, अभिषेक काम के दबाव और अधिकारियों के व्यवहार से परेशान रहते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें प्रशिक्षण के अवसरों से वंचित रखा गया और नौकरी को लेकर धमकियां दी जाती थीं। मामले में सुसाइड नोट और डायरी से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस और रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही पूरी स्थिति सामने आएगी।
Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #आगरा #Drm #कार्यालय #अधिकारी #मिलने #हड़कंप #सुसाइड #आगराDRMकार्यालयमें