सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा मई 2026 के दौरान विद्यार्थियों एवं विज्ञान में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों हेतु ग्रीष्मकालीन रचनात्मक विज्ञान कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में तीन दिवसीय कार्यशालाएँ “फन फैक्ट्री: साइंस टॉय मेकिंग” एवं “बायो एक्सप्लोरर्स: डिस्कवरी कैम्प” सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।

“फन फैक्ट्री: साइंस टॉय मेकिंग” कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने पाइथागोरियन कप, मिनी सिरिंज मोटर, टम्बलिंग टॉय, पेपर कप झूमर, स्लाइम, सीडी जाइरोस्कोप आदि विभिन्न वैज्ञानिक खिलौनों एवं मॉडलों का निर्माण किया। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने साइफन क्रिया, विद्युतचुंबकीय प्रेरण, उत्तोलन, गुरुत्व केंद्र तथा ऊर्जा संरक्षण के नियम जैसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझा। कार्यशाला ने विद्यार्थियों को अनुभवात्मक अधिगम के माध्यम से भौतिकी के मूलभूत सिद्धांतों को समझने का अवसर प्रदान किया।

“बायो एक्सप्लोरर्स: डिस्कवरी कैम्प” कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को जीवविज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी की रोचक एवं अद्भुत दुनिया से परिचित कराया गया। कार्यशाला की प्रमुख गतिविधियों में दही में उपस्थित बैक्टीरिया का अवलोकन, यीस्ट स्लाइड तैयार कर बडिंग प्रक्रिया का अध्ययन, सीरियल डायल्यूशन तकनीक का अभ्यास, प्रयोगशाला उपकरणों की कार्यप्रणाली को समझना, बैक्टीरिया संवर्धन द्वारा एंटीबायोटिक प्रतिरोध का अध्ययन, तथा डिजिटल एवं कंपाउंड माइक्रोस्कोप की सहायता से पुष्प संरचना, परागकणों एवं रंध्रों (स्टोमाटा) का सूक्ष्म अवलोकन शामिल रहा। इन प्रयोगात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों ने प्रतिभागियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, अवलोकन क्षमता तथा अनुसंधान के प्रति रुचि को प्रोत्साहित किया।
#आंचलिकविज्ञानकेन्द्र #विज्ञानकार्यशालाएं #प्रौद्योगिकीदिवस #राष्ट्रीयप्रौद्योगिकीदिवस #विज्ञानशिक्षा #रचनात्मकविज्ञान #भोपालसमाचार #तकनीकीनवाचार #विद्यार्थीगतिविधियां #विज्ञानप्रदर्शनी