सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक बोलेरो मैक्स पिकअप के गुप्त चेंबर से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। वाहन के पिछले हिस्से में विशेष रूप से बनाए गए इस चेंबर में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी गई थी। तलाशी के दौरान इसका पता चलने पर पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा चौक के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध बोलेरो पिकअप के बारे में सूचना मिली। जांच के लिए रोके गए वाहन का नंबर CG 04 QU 5996 बताया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन रायपुर के भनपुरी इलाके से नागपुर की ओर जा रहा था।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पिछले हिस्से में असामान्य बदलाव नजर आए। संदेह होने पर गाड़ी को क्राइम ब्रांच ले जाकर बारीकी से जांच की गई। इस दौरान एक गुप्त चेंबर मिला, जिसे खोलने पर उसमें रखे करीब 4 करोड़ रुपये सामने आए। नकदी की गिनती मशीन से कराई गई।
वाहन में चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे सवार थे। पुलिस दोनों से बरामद रकम के वास्तविक मालिक, उसके स्रोत और नागपुर ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, नकदी से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है और मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई थी और इसे गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाने की वजह क्या थी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #बोलेरो #गुप्त #चेंबर #मिले #करोड़ #रुपये #हिरासत #बोलेरोकेगुप्तचेंबर