आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बांग्लादेश ने एशिया कप के चौथे मुकाबले में अफगानिस्तान को 89 रन से हरा दिया। अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान हिट विकेट हुए। उन्होंने तस्कीन अहमद की बॉल पर छक्का लगाया, लेकिन उनका पैर स्टंप्स से जा लगा। मेहदी हसन मिराज शतक बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए।

मुश्फिकुर रहीम ने एक हाथ से डाइविंग कैच पकड़ा, वहीं डेब्यू करने वाले शमीम हुसैन ने अपने वनडे करियर की पहली गेंद पर छक्का लगाया। बांग्लादेश-अफगानिस्तान के बीच मैच के ऐसे ही टॉप मोमेंट्स इस स्टोरी में हम जानेंगे…

  1. शतक बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए मेहदी हसन

बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज 112 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। 43वें ओवर में मुजीब उर रहमान की पहली गेंद पर मेहदी ने एक्स्ट्रा कवर्स के ऊपर से छक्का लगा दिया। शॉट खेलने के बाद उनके हाथ में खिंचाव महसूस हुआ, उन्होंने फिजियो को बुलाया। फिजियो से सलाह के बाद मेहदी रिटायर हो गए।

मेहदी बांग्लादेश से रिटायर्ड हर्ट होने चौथे खिलाड़ी बने। उनसे पहले लिटन दास 2 बार, मुश्फिकुर रहीम और शाकिब अल हसन 1-1 बार रिटायर्ड हर्ट हुए थे।

इम्पैक्ट: मेहदी के रिटायर होने के वक्त बांग्लादेश का स्कोर 42.1 ओवर में 257/2 था। मेहदी से मिली मजबूत नींव के बाद बांग्लादेश ने 50 ओवर में 334 रन का स्कोर खड़ा किया।

  1. शमीम हुसैन ने करियर की पहली गेंद पर छक्का लगाया

बांग्लादेश टीम ने बैटर शमीम हुसैन को अफगानिस्तान के खिलाफ मौका दिया। डेब्यूटांट शमीम बांग्लादेश से वनडे खेलने वाले 144वें खिलाड़ी बने। वनडे करियर में अपने पहले मैच की पहली बॉल पर शमीम ने छक्का भी लगा दिया।

शमीम 47वें ओवर में मुश्फिकुर रहीम के आउट होने के बाद बैटिंग करने उतरे। ओवर की पांचवीं बॉल गुलबदीन नैब ने उन्हें लेग स्टंप पर गुड लेंथ फेंकी, शमीम ने इसे फ्रंटफुट पर ही फ्लिक किया और बॉल लॉन्ग लेग की दिशा में छक्के के लिए चली गई।

इम्पैक्ट: डेब्यू मैच में शमीम ने 6 गेंद पर 11 रन बनाए और टीम को 300 रन के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

  1. बांग्लादेश के 5 में 3 बैटर्स रन आउट हुए

बांग्लादेश ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 334 रन बनाए। टीम के 5 में से 3 बैटर्स रन आउट हुए। इनमें नजमुल हुसैन शान्तो, मुश्फिकुर रहीम और शमीम हुसैन शामिल हैं। तीनों रन आउट को जानते हैं…

45वें ओवर की तीसरी बॉल को शान्तो ने पॉइंट की दिशा में धकेला। बॉल के बैट से कनेक्ट होते ही वह रन लेने के लिए दौड़ पड़े। लेकिन नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े मुश्फिकुर रहमान ने उन्हें मना कर दिया। शान्तो वापस आने के दौरान पिच पर फिसल गए और क्रीज तक नहीं पहुंच सके। उन्हें 104 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटना पड़ा।

47वें ओवर की पहली बॉल गुलबदीन नैब ने फुलर लेंथ फेंकी। शाकिब अल हसन ने कवर्स पर शॉट खेला, इतने में नॉन स्ट्राइकर एंड से मुश्फिकुर रहीम ने रन दौड़ना शुरू कर दिया। शाकिब ने उन्हें मना किया, तभी फील्डर ने बॉलर की ओर थ्रो फेंक दिया। गेंदबाज ने स्टंप्स को बॉल मारी और मुश्फिकुर 25 के स्कोर पर रन आउट हो गए।

49वें ओवर की आखिरी गेंद गुलबदीन नैब ने स्लोअर फेंकी। शमीम हुसैन ने डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग की ओर शॉट खेला और 2 रन लेने के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने दूसरा रन पूरा करने के लिए डाइव लगाई। लेकिन विकेटकीपर ने फील्डर से गेंद कलेक्ट करने के बाद स्टंप्स उड़ा दिए। शमीम 11 के स्कोर पर रन आउट हुए।