आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टी-20 में भारत को शिकस्त दे दी है। टी-20 के इतिहास में पहली पर टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ द्विपक्षीय (bilateral) सीरीज में लगातार दो मुकाबले गंवाए हैं। इसके साथ ही हार्दिक पंड्या विंडीज से लगातार दो मैच हारने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं।

इससे पहले, विंडीज ने 2016 में भारत से बैक टु बैक टी-20 जीते थे, लेकिन उन दो मुकाबलों के बीच में एक नो रिजल्ट मैच भी था।

इसके अलावा, तिलक वर्मा में पहली दो पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बैटर बने हैं, जबकि निकोलस पूरन ने भारत के खिलाफ टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बने हैं। उन्होंने इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के जमाने के रिकॉर्ड को भी तोड़ा।

इस स्टोरी में पढ़िए टी-20 में बने ऐसे ही कुछ अहम रिकॉर्ड…

भारतीय विकेटकीपर्स में किशन का स्ट्राइक रेट सबसे कम

ईशान किशन सबसे धीमी गति से रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 113.10 पहुंच गया है, जो धोनी से भी कम है। धोनी ने 126.13 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

तिलक वर्मा ने सुर्या को पीछे छोड़ा

युवा बैटर तिलक वर्मा ने पहली 2 टी-20 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया है। वे 2 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बैटर बने हैं। वर्मा ने 2 मैचों में 90 रन बना लिए हैं, जबकि सूर्या के नाम 89 रन हैं।

रोहित के बाद टी-20 इंटरनेशनल में फिफ्टी जमाने वाले दूसरे भारतीय युवा बैटर

तिलक वर्मा ने मुकाबले में 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वे भारत के रेग्युलर कप्तान रोहित शर्मा के बाद टी-20 इंटरनेशनल में अर्धशतक जमाने वाले दूसरे युवा भारतीय बैटर बने हैं। तिलक ने 20 साल 271 दिन की आयु में फिफ्टी जमाई है, जबकि रोहित ने 20 साल 143 दिन की आयु में यह कारनामा किया था।

भुवी के क्लब में शामिल हुए पंड्या

कप्तान हार्दिक पंड्या ने पारी की पहली बॉल पर विकेट हासिल किया। वे टी-20 इंटरनेशनल मैच में पारी की पहली बॉल पर विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने। पंड्या ने पहली बार यह उपलब्धि हासिल की है। उनसे पहले, भुवनेश्वर कुमार 2022 में तीन बार ऐसा कर चुके हैं।