आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार नौवीं टेस्ट सीरीज जीत ली है। टीम ने 2 टेस्ट की सीरीज 1-0 से अपने नाम की। सीरीज का दूसरा मुकाबला ड्रॉ रहा। भारतीय टीम ने पहला मुकाबला पारी और 141 रनों से जीता था, इस तरह यह सीरीज टीम इंडिया के नाम रही। वेस्टइंडीज ने भारत से आखिरी टेस्ट सीरीज 2002 में जीती थी।

पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए इस मुकाबले का पांचवां और आखिरी दिन बारिश के नाम रहा। दोपहर तक रुक-रुककर बारिश होती रही। शाम तक भी मौसम साफ नहीं हुआ, जिस कारण टेस्ट में एक भी बॉल नहीं फेंकी जा सकी। हार-जीत का फैसला नहीं हो सका और भारत को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।

रविवार को चौथे दिन वेस्टइंडीज को 365 रन का टारगेट मिला था, टीम ने स्टंप्स तक 2 विकेट पर 76 रन बना लिए थे। टीम इंडिया अब 27 जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।

मोहम्मद सिराज रहे प्लेयर ऑफ द मैच

पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने तीसरे दिन के पहले सेशन में 4 विकेट लेकर वेस्टइंडीज को जल्दी ऑल आउट करने में अहम योगदान दिया था। सिराज को अपने टेस्ट करियर में पहली बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला है। मैच में विराट कोहली ने भी शतकीय पारी खेली थी।

सीरीज में 15 विकेट लेने रविचंद्रन अश्विन को प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिल सकता था। लेकिन अलग बात ये रही कि वेस्टइंडीज बोर्ड ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड ही नहीं रखा।

भारत को शेयर करने पड़ गए पॉइंट्स

आखिरी दिन बारिश का सबसे ज्यादा नुकसान भारत को हुआ, क्योंकि टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के अहम 4 अंक वेस्टइंडीज के साथ बांटना पड़ गए। अगर दिन का खेल होता और भारत वेस्टइंडीज के 8 विकेट गिरा देता तो टीम को पूरे 12 पॉइंट्स मिलते। वहीं अगर वेस्टइंडीज मैच जीत जाती तो भारत को कोई पॉइंट नहीं मिलता और विंडीज 12 पॉइंट्स हासिल कर सीरीज 1-1 से बराबर कर लेती।

पढ़ें पांचों दिन का खेल…

पांचवें दिन का खेल बारिश में धुला

आखिरी दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले सेशन का खेल बारिश के कारण नहीं हो सका। यहां सुबह से तेज बारिश होती रही। दोपहर में भी बारिश जारी रही और दिन का खेल शुरू ही नहीं हुआ।

चौथे दिन का खेल : भारत ने दिया 365 रन का टारगेट, वेस्टइंडीज ने 76 पर दो विकेट गंवाए

रविवार को चौथे दिन भारत ने वेस्टइंडीज को 365 रन का टारगेट दिया था। जवाब में मेजबान टीम ने स्टंप्स तक 2 विकेट पर 76 रन बना लिए थे।

वेस्टइंडीज ने 229/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और टीम 255 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। भारत से मोहम्मद सिराज ने 5 विकेट लिए।

दूसरे ही दिन टीम इंडिया ने भी अपनी दूसरी पारी शुरू कर दी। टीम ने 24 ओवर में 2 विकेट पर 181 रन बनाए और अपनी पारी डिक्लेयर कर दी। वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी शुरू की और टीम ने 2 विकेट पर 76 रन बना लिए।