आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप मैच को एक दिन पहले आयोजित किया जा सकता है। 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच मैच होना है। इसी दिन नवरात्रि का त्योहार भी शुरू हो रहा है। जिसे देखते हुए सिक्योरिटी एजेंसी ने मैच की तारीख या वेन्यू बदलने का सुझाव दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मैच अब 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में ही हो सकता है।

दूसरी ओर BCCI सचिव जय शाह ने कल यानी गुरुवार को ही वर्ल्ड कप वेन्यू के स्टेट एसोसिएशन की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। माना जा रहा है मीटिंग में मैच की नई तारीख या वेन्यू बदलने पर फैसला लिया जा सकता है।

भीड़ बहुत ज्यादा होने से दिक्कतें होंगी- BCCI अधिकारी

नाम न बताने की शर्त पर BCCI के अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘हम दूसरे ऑप्शन (वेन्यू के) तलाश रहे हैं, जल्द ही फैसला ले लिया जाएगा। सिक्योरिटी एजेंसी ने बताया कि भारत-पाकिस्तान का हाई प्रोफाइल मैच नवरात्रि पर है। मैच के लिए हजारों फैंस अहमदाबाद ट्रैवल करेंगे, इस दिन नवरात्रि की वजह से भी शहर में बहुत भीड़ रहेगी।’

इंग्लैंड-अफगानिस्तान का मैच 15 अक्टूबर को हो सकता है

भारत और पाकिस्तान के बीच मैच अगर 14 अक्टूबर को शिफ्ट हुआ तो इंग्लैंड-अफगानिस्तान का मैच 15 अक्टूबर को कराया जा सकता है। शेड्यूल के अनुसार, फिलहाल 14 अक्टूबर को 2 मैच होंगे। न्यूजीलैंड-बांग्लादेश के बीच बेंगलुरु में पहला और इंग्लैंड-अफगानिस्तान के बीच दिल्ली में दूसरा मुकाबला होगा।

दिल्ली में होने वाला मुकाबला दोपहर 2 बजे से होगा, भारत-पाक मैच भी 2 बजे से ही होना है, इसीलिए इसी मैच की तारीख बदली जा सकती है। बाकी मैचों की टाइमिंग और वेन्यू में कोई बदलाव नहीं होगा।

जय शाह 27 जुलाई को मीटिंग करेंगे

BCCI) के सचिव जय शाह ने 27 जुलाई को मीटिंग बुलाई है। मीटिंग नई दिल्ली में होगी, जिसमें वर्ल्ड कप मैच होस्ट करने वाले सभी स्टेट एसोसिएशन के अधिकारियों को बुलाया गया है। माना जा रहा है कि BCCI स्टेट एसोसिएशन के सामने सिक्योरिटी समस्या का मुद्दा रखेगा। इसी मीटिंग में वेन्यू या तारीख बदलने का फैसला लिया जा सकता है।

स्टेट एसोसिशन को भेजे गए लेटर में बताया गया, ‘सभी वर्ल्ड कप एसोसिएशन से मीटिंग में शामिल होने की रिक्वेस्ट की जा रही है। मुझे लगता है कि सभी संबंधितों (राज्य एसोसिएशन) को मिलकर बोर्ड के सामने आ रही समस्या पर चर्चा करनी चाहिए और एक फैसले पर पहुंचना चाहिए।’

अहमदाबाद में वर्ल्ड कप फाइनल भी होगा

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 27 जून को ही वर्ल्ड कप का शेड्यूल अनाउंस कर दिया था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को 5 मैच मिले। यहां 5 अक्टूबर को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टूर्नामेंट का ओपनिंग मुकाबला होगा। 15 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान मैच के साथ 2 अन्य लीग मैच भी इस स्टेडियम में होंगे। 19 नवंबर को टूर्नामेंट का फाइनल भी अहमदाबाद में ही होगा।

तारीख बदली तो फैंस को परेशानी होगी

सिक्योरिटी एजेंसी का सुझाव मानकर अगर मैच का वेन्यू या तारीख बदली गई तो अहमदाबाद में ट्रैवल प्लान बना चुके फैंस को बहुत ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। टूर्नामेंट के मैचों की टिकट बिक्री अब तक शुरू नहीं हुई है, लेकिन फैंस ने अहमदाबाद में होटल के कमरे बुक करना शुरू कर दिया है।