सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने भारत के साथ कूटनीतिक संबंधों को और मधुर बनाने के लिए ‘मैंगो डिप्लोमेसी’ की परंपरा को बरकरार रखा है। यूनुस सरकार ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्रालय के अधिकारियों, और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विभिन्न भारतीय नेताओं को 1000 किलोग्राम ‘हरिभंगा आम’ उपहार में भेजे हैं।
हरिभंगा आम बांग्लादेश की एक प्रीमियम किस्म मानी जाती है, जो अपनी मिठास और स्वाद के लिए प्रसिद्ध है। ये आम अखौरा लैंड पोर्ट के जरिए भारत भेजे गए और जल्द ही नई दिल्ली पहुंचेंगे। इन उपहारों को भारत-बांग्लादेश के बीच सौहार्द और सहयोग की भावना को बढ़ाने का प्रयास माना जा रहा है।
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह पहल ‘सॉफ्ट पावर डिप्लोमेसी’ के तहत की गई है, जो पहली बार 2021 में शेख हसीना सरकार द्वारा शुरू की गई थी। हालांकि हसीना सरकार के पतन और यूनुस सरकार के आने के बाद इस परंपरा को लेकर संदेह था, लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि मैंगो डिप्लोमेसी जारी है।
यूनुस सरकार ने इससे पहले भारत को हिल्सा मछली के निर्यात पर रोक लगाई थी, जिसे भारत-बांग्लादेश संबंधों में कड़वाहट का संकेत माना गया था। लेकिन बाद में इसे फिर शुरू किया गया, और अब आम भेजना द्विपक्षीय रिश्तों को सुधारने की दिशा में एक मजबूत संकेत है।
भारत और बांग्लादेश के बीच भाषा, संस्कृति, व्यापार और इतिहास में गहरा संबंध है। दोनों देशों की 4000 किमी से अधिक लंबी सीमा साझा होती है। वर्ष 2022-23 में दोनों के बीच व्यापार 15.9 अरब डॉलर तक पहुंचा, जिससे यह भारत का दक्षिण एशिया में सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर बना।
#मैंगो_डिप्लोमेसी #हरिभंगा_आम #मुहम्मद_यूनुस #भारत_बांग्लादेश_संबंध #कूटनीति #बांग्लादेश_सरकार