सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  /  लंदन   :  लंदन में गुरुवार शाम प्रसिद्ध एनआरआई उद्योगपति और समाजसेवी लॉर्ड स्वराज पॉल का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका निधन हुआ। लॉर्ड स्वराज पॉल ब्रिटेन स्थित कैपारो ग्रुप के संस्थापक थे और उन्होंने उद्योग, परोपकार और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि “स्वराज पॉल जी का निधन बेहद दुखद है। ब्रिटेन में उद्योग, परोपकार और जनसेवा में उनके योगदान और भारत के साथ उनके अटूट संबंधों को सदैव याद रखा जाएगा।”

लॉर्ड पॉल का भारत से गहरा रिश्ता था। उनका जन्म 1931 में अविभाजित पंजाब के जालंधर में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा भारत में लेने के बाद वह अमेरिका और ब्रिटेन गए और वहां व्यवसाय की दुनिया में एक सफल उद्योगपति के रूप में स्थापित हुए। उनकी कंपनी कैपारो ग्रुप आज 40 से अधिक देशों में कार्यरत है।

संपत्ति की बात करें तो, लॉर्ड स्वराज पॉल इस वर्ष संडे टाइम्स रिच लिस्ट में 2 अरब पाउंड की अनुमानित संपत्ति के साथ 81वें स्थान पर थे। वह हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य भी रहे और कई समितियों में सक्रिय भूमिका निभाई।

लॉर्ड पॉल ने अपने जीवन में व्यक्तिगत दुखों का भी सामना किया। 2015 में उन्होंने अपने बेटे अंगद और 2022 में अपनी पत्नी अरुणा को खो दिया। इसके बावजूद उन्होंने परोपकारी कार्य जारी रखे और भारतीय प्रवासी समुदाय में अपनी विशेष पहचान बनाए रखी।

#लॉर्डस्वराजपॉल #स्वराजपॉलनिधन #ब्रिटेनउद्योगपति #कैपारोग्रुप #एनआरआई