सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  बेंगलुरु में 4 जून को आरसीबी (RCB) की आईपीएल 2025 की जीत का जश्न अचानक मातम में बदल गया था। विक्ट्री परेड के दौरान भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और कई फैंस घायल हो गए थे। इस दर्दनाक घटना के करीब तीन महीने बाद टीम इंडिया और आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है।

आरसीबी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कोहली का बयान साझा किया। कोहली ने कहा, “जिंदगी में कभी-कभी ऐसे पल आते हैं जिनके लिए आप बिल्कुल तैयार नहीं होते। 4 जून भी ऐसा ही दिन था। हमारी फ्रेंचाइजी के लिए जो दिन सबसे खुशहाल होना चाहिए था, वो एक दुखद घटना में बदल गया। मैं उन सभी परिवारों के लिए प्रार्थना करता हूं जिन्होंने अपनों को खोया और उन फैंस के लिए जो घायल हुए। आपका दर्द अब हमारी कहानी का हिस्सा है। हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे और पहले से ज्यादा संवेदनशील और जिम्मेदार रहेंगे।”

गौरतलब है कि आरसीबी प्रबंधन ने पहले ही घोषणा की थी कि ‘RCB Cares’ पहल के तहत हादसे में जान गंवाने वाले हर परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए गए थे।

घटना के बाद से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक कोई भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला गया है। वहीं, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के मैचों को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में शिफ्ट कर दिया गया।

#ViratKohli #बेंगलुरुभगदड़ #RCB #IPL2025 #RCBCares