ITDC India e-Press / Agencies

कोरबा  कोरबा जिला नगर निगम क्षेत्र में स्थित सभी छठ घाटों की समुचित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था व अन्य व्यवस्थाओं पर कार्य किया जाएगा, वहीं कोविड-19 के संदर्भ में शासन प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी गाईड लाईन का पालन करते हुए छठ पूजा का पर्व पूरी गरिमा व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं आयुक्त कुलदीप शर्मा के साथ पूर्वांचल विकास समिति एवं पूर्वांचल सर्व समाज समिति के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक में छठ पूजा पर्व पर विस्तार से  चर्चा  हुई।

08 नवम्बर से 11 नवम्बर तक सूर्य उपासना का पर्व छठ पूजा का आयोजन होना है, इस संबंध में नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में पूर्वांचल विकास समिति एवं पूर्वांचल सर्व समाज समिति के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक महापौर श्री प्रसाद एवं आयुक्त श्री शर्मा के द्वारा ली गई। बैठक के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने छठ घाटों की साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था संबंधी कार्यो पर चर्चा करते हुए इस दिशा में नगर निगम कोरबा व संबंधित क्षेत्र के सार्वजनिक व औद्योगिक प्रतिष्ठानों के माध्यम से छठ घाटों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था व अन्य व्यवस्थाएं कराए जाने का अनुरोध किया, जिस पर महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं आयुक्त कुलदीप शर्मा ने अपनी स्वीकृति देते हुए तत्संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होने छठ घाटों में साफ-सफाई का कार्य करने, प्रकाश व्यवस्था करने तथा जिन घाटों में पानी की उपलब्धता कम है, वहॉं मलवे को निकालकर पानी की उपलब्धता बनाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने विभिन्न सार्वजनिक प्रतिष्ठानों बालको, एनटीपीसी, सीएसईबी, एसईसीएल कोरबा, एसईसीएल कुसमुण्डा आदि के प्रबंधन को भी दिशा-निर्देश देते हुए कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित छठ घाटों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराएं।

*शासन प्रशासन द्वारा जारी गाईड लाईन का पालन हों

आयुक्त कुलदीप शर्मा ने विशेष रूप से आग्रह करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सतर्कता अनिवार्य रूप से बरती जाए तथा शासन-प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी गाईड लाईन का अनिवार्य रूप से पालन हों। उन्होने समाज के लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि सभी लोग अपना वैक्सीनेशन अवश्य कराएं, कोरबा में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है, इस पर बैठक में उपस्थित समितियों के सदस्यों ने अपनी सहमति देते हुए आयुक्त श्री शर्मा के उक्त आग्रह का स्वागत किया।

बैठक के दौरान पूर्वांचल सर्व समाज समिति के अध्यक्ष अवधेश सिंह, पूर्वांचल विकास समिति के  अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, वरिष्ठ सदस्यगण कमलेश यादव, अशोक तिवारी, बी.एन. सिंह, इंजी. अशोक सिंह, मंटू सिंह, विनोद सिन्हा, बच्चू सिंह, मनीष शर्मा, चित्रकेत गुप्ता, उपायुक्त पवन वर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी आदि के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।