सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :   वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 37 वर्षीय रसेल ने कहा कि वह 21 जुलाई 2025 से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले दो मैचों के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। ये दोनों मुकाबले उनके होमग्राउंड जमैका के सबीना पार्क में खेले जाएंगे।

रसेल ने एक भावुक बयान में कहा, “वेस्टइंडीज के लिए खेलना मेरे लिए गर्व की बात रही है। बचपन में मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इस मुकाम तक पहुंच पाऊंगा। मैं चाहता हूं कि मैं शानदार प्रदर्शन के साथ अपने करियर का अंत करूं और अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनूं।”

रसेल ने वेस्टइंडीज के लिए कुल 141 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और वे 2012 और 2016 में टीम को टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाले स्क्वॉड का हिस्सा रहे हैं।

वे निकोलस पूरन के बाद दो महीनों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ने वाले दूसरे प्रमुख खिलाड़ी हैं। पूरन ने जून में रिटायरमेंट की घोषणा की थी।

रसेल का यह फैसला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से सात महीने पहले आया है, जिससे वेस्टइंडीज क्रिकेट में एक और बदलाव की लहर देखने को मिल रही है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 3-0 की हार ने वेस्टइंडीज क्रिकेट की कमजोरियों को उजागर किया है।

रसेल की विदाई क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक भावुक पल होगी, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और ऑलराउंड परफॉर्मेंस को याद रखेंगे।

#आंद्रेरसेल #वेस्टइंडीजक्रिकेट #रसेलसंन्यास #क्रिकेटसमाचार #टी20क्रिकेट