सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय की अध्यक्षता में को-आर्डिनेशन रिव्यू मीटिंग सम्पन्न हुई। इस बैठक में मुख्य रूप से रेलवे सुरक्षा, क्राउड मैनेजमेंट और यात्रियों के लिए सुविधाओं के बेहतर संचालन पर जोर दिया गया। महाप्रबंधक ने कहा कि संरक्षा पश्चिम मध्य रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने रेलवे बोर्ड के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और सुरक्षा सुधारों को योजनाबद्ध तरीके से लागू करने पर बल दिया। इसके साथ ही पटरियों की आंतरिक संरचना की जांच के लिए अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन (यूएसएफडी) तकनीक, टर्नआउट, ट्रैक और स्वीच निरीक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में आगामी त्यौहारों जैसे दशहरा, दीपावली और छठ के अवसर पर यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। प्रमुख भीड़ वाले स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, प्लेटफार्म और ट्रेनों में क्राउड मैनेजमेंट, लिफ्ट/एस्केलेटर निगरानी, सीसीटीवी कैमरा और आरपीएफ/जीआरपीएफ सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महाप्रबंधक ने नासिक कुंभ मेला 2027 और महाकुंभ सिंहस्थ उज्जैन 2028 के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल और कोटा मंडल में चल रही परियोजनाओं और अधोसंरचना निर्माण कार्यों की तैयारी और समय पर पूर्णता पर भी विस्तार से चर्चा की।
बैठक में अपर महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार, प्रमुख इंजीनियर, वाणिज्य प्रबंधक, यांत्रिकी एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर और मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर, भोपाल एवं कोटा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। महाप्रबंधक ने सभी विभागाध्यक्षों और मंडल रेल प्रबंधकों को निर्देश दिए कि आगामी त्यौहारों में सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए और ट्रेनों का समय पर संचालन किया जाए।

#पश्चिममध्यरेलवे #महाप्रबंधक #सुरक्षा #यात्रीसुविधाएं #रेलवेनिरीक्षण