सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जनपद पंचायत फंदा में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शुरू की गई “वॉश ऑन व्हील” पहल ने स्वच्छता के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। कुछ माह पूर्व शुरू की गई इस अभिनव पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सेवाओं को सुलभ बनाना और युवाओं को रोजगार से जोड़ना है।
इस पहल के तहत रवि श्रावण, विशेष निहोरिया, बृजेश खरे तथा ग्राम बागरोदा के विजय जैसे युवाओं को स्वच्छता साथी के रूप में चयनित किया गया। इन्हें आवश्यक प्रशिक्षण एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए, जिसके बाद ये स्वच्छता साथी ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर शौचालयों की सफाई, स्वच्छता संबंधी सेवाएं और जागरूकता का कार्य कर रहे हैं।
स्वच्छता साथी रवि श्रावण बताते हैं कि पहले वे आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे थे, लेकिन अब प्रतिदिन ₹1000 से ₹1500 तक की आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन चुके हैं। उनकी सफलता की कहानी अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है।
जनपद पंचायत फंदा की कर्मचारी आशा राय ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत अब तक 110 लोगों का पंजीयन किया जा चुका है, जिनमें से 87 कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों से समन्वय कर इस पहल को और अधिक विस्तार देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्तमान में वॉश ऑन व्हील पहल न केवल स्वच्छता को बढ़ावा दे रही है, बल्कि ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रही है। यह पहल स्वच्छता, रोजगार और सामाजिक बदलाव का सशक्त उदाहरण बनकर उभर रही है।
#वॉशऑनव्हील #स्वच्छता #स्वच्छभारत #सामाजिकउद्यम #स्वच्छतासाथी