सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने पहली बार टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर चुप्पी तोड़ी है। लंदन में आयोजित यूवीकैन फाउंडेशन के डिनर इवेंट में कोहली ने मुस्कराते हुए कहा, “जब हर चार दिन में दाढ़ी में कलर करना पड़े, तो समझ आता है कि अब समय आ गया है।” कोहली ने यह स्वीकार किया कि बढ़ती उम्र ने उनके फैसले को प्रभावित किया।
36 वर्षीय विराट कोहली ने 12 मई 2025 को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए टेस्ट से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने 123 टेस्ट मैचों में 9,230 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 68 टेस्ट खेले, जिनमें से 40 में जीत हासिल की और एक भी घरेलू टेस्ट सीरीज नहीं हारी।
लंदन में आयोजित डिनर कार्यक्रम में क्रिकेट और अन्य क्षेत्रों की बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। कोहली इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन से बातचीत करते भी नजर आए। विराट की यह मज़ाकिया टिप्पणी कि उन्हें अब दाढ़ी बार-बार रंगनी पड़ रही है, दर्शकों को खूब पसंद आई।
कोहली ने पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट से भी संन्यास ले लिया था, लेकिन वनडे और आईपीएल में उनका जलवा बरकरार है। इस साल उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहली बार IPL ट्रॉफी जीती।
इन दिनों कोहली विंबलडन टूर्नामेंट का लुत्फ उठाने लंदन में हैं। हाल ही में उन्हें पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ नोवाक जोकोविच का मैच देखते हुए देखा गया।
#विराटकोहली #टेस्टसेरिटायरमेंट #क्रिकेटसमाचार #भारतीयक्रिकेट #कोहलीका बयान