सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :   मेक्सिको में टूरिज्म और जेंट्रीफिकेशन (तेज़ी से बढ़ते शहरीकरण) के खिलाफ जनता का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। कोंडेसा और रोमा जैसे प्रमुख टूरिस्ट इलाकों में हजारों लोगों ने विरोध मार्च निकाला जो शुरू में शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में यह प्रदर्शन हिंसक हो गया।

प्रदर्शनकारियों ने ‘टूरिस्ट मेक्सिको से बाहर जाओ’, ‘हमारे घर चुराना बंद करो’ जैसे नारे लगाते हुए विदेशी पर्यटकों और बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के खिलाफ नाराज़गी जताई। कुछ नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। कई दुकानों से लूटपाट की भी खबरें सामने आई हैं।

कोंडेसा और रोमा जैसी जगहें, जो कभी स्थानीय लोगों के शांत रिहायशी इलाके थे, अब विदेशी निवेशकों और डिजिटल नोमेड्स के कारण काफी महंगे और भीड़भाड़ वाले हो चुके हैं। इससे स्थानीय लोगों के घर छिन रहे हैं और महंगाई लगातार बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पर्यटन और विदेशी बसावट की वजह से उन्हें अपने ही शहर में रहने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार और नगर पालिका पर भी आरोप लगे कि उन्होंने विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय जरूरतों की अनदेखी की है।

फिलहाल, पुलिस ने कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और शांति बहाल करने की कोशिशें जारी हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण समाधान की अपील की है।

#मेक्सिको_समाचार #टूरिज्म_विरोध #स्थानीय_विरोध #मेक्सिको_हिंसा #पर्यटन_संकट