सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / उज्जैन : विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में एक विशेष आयोजन “सारस्वत सम्मान 2025” का आयोजन सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय प्राध्यापक कल्याण परिषद, उज्जैन द्वारा किया जा रहा है। यह आयोजन विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में सायं 6:30 बजे प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले कार्यपरिषद सदस्यों, कुलगुरु एवं अन्य पदाधिकारियों को सम्मानित करना है। कार्यक्रम संयोजक हेमंत लोदवाल ने बताया कि पिछले दो वर्षों में विश्वविद्यालय ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। इनमें सबसे प्रमुख उपलब्धि मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा विश्वविद्यालय को सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय नाम प्रदान करना रहा, जिससे इसकी पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हुई है। साथ ही, विश्वविद्यालय को पीएम उषा योजना के अंतर्गत 100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है, जिससे न केवल अध्ययनशालाएं समृद्ध होंगी, बल्कि संपूर्ण परिसर का भी विकास होगा। विश्वविद्यालय ने समय पर परीक्षाएं आयोजित कर और समय पर परिणाम जारी कर अकादमिक अनुशासन का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस समारोह में कार्यपरिषद सदस्य राजेश सिंह कुशवाह, वरुण गुप्ता, मंजूषा मिमरोट, कुसुमलता निगवाल, रूप पमनानी और संजय वर्मा को विश्वविद्यालय की प्रगति में योगदान देने हेतु सारस्वत सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, माननीय कुलगुरु अर्पण भारद्वाज और कुलसचिव अनिल कुमार शर्मा को भी उनकी प्रशासनिक व अकादमिक कार्यशैली के लिए सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, विभागाध्यक्ष और पदाधिकारीगण उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और शोध उन्नति में सहायक सिद्ध होगा।
#विक्रमविश्वविद्यालय #सारस्वतसम्मान2025 #शैक्षणिकसम्मान #समारोह #उज्जैन