सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा 12 से 14 जनवरी 2026 तक विज्ञान पर्व का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय विज्ञान उत्सव विद्यार्थियों, युवाओं तथा आमजन को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को रोचक, प्रयोगात्मक एवं सहभागितापूर्ण रूप में अनुभव करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगा।
यह विज्ञान पर्व , आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल की 31वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। यह विज्ञान संप्रेषण की उस सतत यात्रा का उत्सव है, जो अनेक वर्षों से जिज्ञासा की लौ को प्रज्वलित करती आ रही है—जहाँ हर बीतता वर्ष ज्ञान की श्रृंखला में एक नई कड़ी जोड़ता है और विज्ञान समाज के और अधिक निकट आता जाता है।
अपने प्रमुख (फ्लैगशिप) कार्यक्रमों में से एक के रूप में, केन्द्र विज्ञान पर्व 2025–26 का आयोजन, केन्द्र की 31वीं वर्षगांठ के साथ, अपने परिसर में 12 से 14 जनवरी 2026 (तीन दिन) के दौरान करेगा। इस अवधि में शहर एवं अन्य स्थानों की कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थाएँ—जैसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल, हिंदुस्तान इलेक्ट्रो-ग्रेफाइट्स लिमिटेड, मण्डीदीप, मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, भोपाल, पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन, मध्य प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल, सेंटर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टाफ परफॉर्मेंस, भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान, क्षेत्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, भोपाल, राजा रमन्ना उन्नत प्रौद्योगिकी केंद्र, इंदौर, सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, भोपाल, भारतीय मानक ब्यूरो, सीएसआईआर–एडवांस्ड मटीरियल्स एंड प्रोसेसेस रिसर्च इंस्टिट्यूट, भोपाल सहित अनेक अन्य संस्थाएँ—अपने वैज्ञानिक प्रयोग, उत्पाद और प्रौद्योगिकियाँ एक ही छत के नीचे आमजन तथा विशेष रूप से विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी।
विज्ञान पर्व का उद्देश्य दैनिक जीवन, स्वास्थ्य, पर्यावरण, ऊर्जा, उद्योग एवं भविष्य की प्रौद्योगिकियों में विज्ञान की प्रासंगिकता को प्रदर्शित करना है, साथ ही सभी आयु वर्गों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, विश्लेषणात्मक सोच, सृजनात्मकता एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना है। इन दूरदर्शी संस्थानों का एक मंच पर आना इस आयोजन को वास्तव में विज्ञान प्रेमियों का उत्सव बनाता है।
इस अवधि के दौरान स्कूल एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान पर्व में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
स्कूलों एवं महाविद्यालयों से अनुरोध है कि वे अग्रिम रूप से निम्नलिखित लिंक के माध्यम से पंजीकरण करें:
पंजीकरण लिंक:
https://tinyurl.com/rscbsf25-26visit

#विज्ञान_पर्व #विज्ञान_एवं_तकनीकी_महाकुंभ #वैज्ञानिक_नवाचार #तकनीकी_विकास #छात्र_विज्ञान