सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को उन्हें गिरफ्तार करने की सीधी चुनौती दी है। सोमवार को कराकस में समर्थकों को संबोधित करते हुए मादुरो ने कहा, “मुझे गिरफ्तार करने आओ, मैं मिराफ्लोरेस (राष्ट्रपति भवन) में तुम्हारा इंतजार कर रहा हूं। देर मत करना कायरों।”
अमेरिका ने 7 जुलाई को मादुरो पर 50 मिलियन डॉलर (लगभग 420 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित किया था और उनके 700 मिलियन डॉलर से अधिक की संपत्ति जब्त की, जिसमें दो प्राइवेट जेट भी शामिल हैं। ट्रम्प प्रशासन का आरोप है कि मादुरो ड्रग कार्टेल के साथ मिलकर अमेरिका में फेंटानिल मिला कोकीन भेज रहे हैं और उनके पास 7 टन कोकीन मौजूद है।
मादुरो ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसे ऐसा जवाब मिलेगा जिससे अमेरिकी साम्राज्य का अंत हो सकता है। सेना प्रमुख डोमिंगो हर्नांडेज लारेज ने मादुरो का समर्थन करते हुए कहा कि अमेरिकी इनाम की घोषणा अपमानजनक है। विदेश मंत्री इवान गिल ने इसे राजनीतिक दुष्प्रचार करार दिया।
गौरतलब है कि मादुरो पर 2020 में अमेरिकी अदालत में नार्को-टेररिज्म और कोकीन तस्करी के आरोप लगे थे। उस समय 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम रखा गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 2.5 करोड़ डॉलर कर दिया गया।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने भी मादुरो का समर्थन किया और चेतावनी दी कि वेनेजुएला पर हमला उनके देश पर हमला माना जाएगा।