सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सुप्रसिद्ध कथाकार, शिक्षाविद् और विचारक जगन्नाथ प्रसाद चौबे ‘वनमाली’ की 113वीं जयंती के अवसर पर वनमाली सृजन केन्द्रों का पांचवां राष्ट्रीय सम्मेलन आगामी 1–2 अगस्त 2025 (शुक्रवार–शनिवार) को स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में देशभर के सैकड़ों वनमाली सृजन केन्द्रों से आए अध्यक्ष, संयोजक और रचनाकार भाग लेंगे। यह सम्मेलन ‘वनमाली सृजन पीठ’ द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो पिछले 38 वर्षों से साहित्य, कला और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। वरिष्ठ लेखक और विश्व रंग के निदेशक संतोष चौबे की अध्यक्षता में यह आयोजन सम्पन्न होगा। कार्यक्रम के मुख्य आयोजकों में मुकेश वर्मा, लीलाधर मंडलोई, रामकुमार तिवारी, गोविंद शर्मा, विनीता चौबे, सिद्धार्थ चतुर्वेदी और सुश्री ज्योति रघुवंशी प्रमुख हैं।
सम्मेलन के दौरान ‘स्थानीय रचनात्मकता के प्रश्रय और प्रकाशन में वनमाली सृजन पीठ एवं आईसेक्ट पब्लिकेशन की भूमिका’ पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें कई प्रतिष्ठित साहित्यकार भाग लेंगे। ‘वनमाली की कहानियों से गुजरते हुए’ सहित कई पुस्तकों और पत्रिकाओं का लोकार्पण भी होगा।आईसेक्ट पब्लिकेशन द्वारा ‘उत्कृष्ट प्रकाशन सम्मान 2025’ रफी शब्बीर (पुस्तक: बानो का बाबू) और घनश्याम सिंह नाग (पुस्तक: बस्तर की प्राचीन राजधानी: बड़े डोंगर) को प्रदान किया जाएगा।सम्मेलन के दूसरे दिन ‘विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड: स्वरूप और परिकल्पना’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित होगी। समापन सत्र में गीत-ग़ज़ल संध्या तथा टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांगीतिक प्रस्तुति दी जाएगी। यह आयोजन भारतीय साहित्यिक-सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
#वनमाली_जी #सृजन_सम्मेलन #भोपाल_कार्यक्रम #हिंदी_साहित्य #सांस्कृतिक_आयोजन