सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को घोषणा की कि अमेरिका एक बार फिर यूक्रेन को हथियार भेजेगा। उन्होंने कहा कि इस बार सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) वाले हथियारों पर जोर रहेगा ताकि यूक्रेन खुद को रूस के हमलों से बेहतर ढंग से बचा सके।
इससे पहले 1 जुलाई को अमेरिका ने अपने सीमित हथियार भंडार का हवाला देते हुए यूक्रेन को कुछ हथियारों की सप्लाई रोक दी थी। अब ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के व्यवहार से निराश हैं और यूक्रेन को समर्थन जारी रहेगा।
ट्रम्प की नाराजगी और हथियारों की फिर से सप्लाई
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा, “सच कहूं तो मैं पुतिन से खुश नहीं हूं, क्योंकि उन्होंने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं।” उन्होंने कहा कि अमेरिका यूक्रेन को पहले की तरह सैन्य सहायता देगा, जिसमें एयर डिफेंस सिस्टम, ड्रोन और इंटरसेप्टर मिसाइलें शामिल होंगी।
रूस ने किया था 500 मिसाइलों से हमला
4 जुलाई को रूस ने यूक्रेन पर 500 मिसाइलों और ड्रोनों से हमला किया, जिससे यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों में भारी नुकसान हुआ। इन हमलों में 11 नागरिकों की मौत और 80 से ज्यादा लोग घायल हुए, जिनमें 7 बच्चे भी शामिल हैं।
यूक्रेन करेगा लाखों ड्रोनों का निर्माण
यूक्रेन ने अमेरिकी और यूरोपीय कंपनियों के साथ मिलकर ड्रोन उत्पादन के समझौते किए हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि देश को वायु रक्षा मजबूत करनी होगी और इंटरसेप्टर ड्रोन विकसित करने होंगे जो रूस के लंबी दूरी के शाहेद ड्रोन को रोक सकें।
अमेरिका बना यूक्रेन का सबसे बड़ा सहयोगी
24 फरवरी 2022 से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध में अमेरिका यूक्रेन का सबसे बड़ा सैन्य सहयोगी बना हुआ है। अमेरिका पहले ही यूक्रेन को एयर डिफेंस सिस्टम, रडार, टैंक, ड्रोन और रॉकेट लॉन्चर जैसे आधुनिक हथियार दे चुका है।
अब ट्रम्प के नए फैसले से यूक्रेन को उम्मीद है कि रूस के खिलाफ जंग में उसे फिर से सैन्य बल मिलेगा और रक्षा प्रणाली को और मजबूत किया जा सकेगा।
#अमेरिकायूक्रेनसमर्थन #डिफेंसमिसाइल #युद्धसमाचार #रूसयूक्रेनयुद्ध #अंतरराष्ट्रीयसमाचार #सेन्यासहायता