सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने मंगलवार को एक बड़ा खुलासा करते हुए पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रेजा अमीरी मोगदम को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल कर लिया है। मोगदम पर 2007 में रिटायर्ड FBI एजेंट रॉबर्ट लेविंसन के अपहरण की साजिश रचने और मामले को दबाने का गंभीर आरोप है।
FBI के मुताबिक, रॉबर्ट लेविंसन 8 मार्च 2007 को ईरान के किश द्वीप पर पहुंचे थे और इसके अगले ही दिन अचानक गायब हो गए। जांच एजेंसी का मानना है कि उस वक्त ईरानी खुफिया मंत्रालय के सीनियर अधिकारी रहे मोगदम ने न केवल लेविंसन के अपहरण की योजना तैयार की बल्कि उसे अंजाम देने में भी अहम भूमिका निभाई।
FBI ने इस केस में मोगदम के अलावा दो अन्य ईरानी खुफिया अधिकारियों — तागी दानेशवर और गुलामहुसैन मोहम्मदनिया के खिलाफ भी पोस्टर जारी किए हैं। इन तीनों पर न केवल अपहरण में शामिल होने, बल्कि ईरान सरकार की संलिप्तता को छिपाने का भी आरोप है।
मोहम्मदनिया को 2018 में अल्बानिया से निष्कासित किया गया था, जबकि दानेशवर अब भी ईरानी खुफिया मंत्रालय में काउंटर-इंटेलिजेंस पद पर कार्यरत हैं। FBI के अनुसार, लेविंसन को अपहरण के बाद कई सालों तक बंधक बनाकर रखा गया और संभवतः कैद में ही उनकी मौत हो गई।
इस खुलासे के बाद ईरान-अमेरिका रिश्तों में और तनाव आने की आशंका जताई जा रही है। वहीं भारत के लिए यह मामला संवेदनशील है, क्योंकि मोगदम फिलहाल पाकिस्तान में ईरानी राजदूत के पद पर कार्यरत हैं।
#ईरानी_राजदूत #अमेरिका_वांटेड_लिस्ट #FBI #रॉबर्ट_लेविंसन #पाकिस्तान_में_ईरानी_राजदूत #ईरान_अमेरिका_तनाव #FBI_जांच #अंतरराष्ट्रीय_राजनीति