सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / उज्जैन : आकाशवाणी उज्जैन केंद्र से जुड़ना केवल रोजगार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। रेडियो पर उद्घोषक का चेहरा नहीं, उसकी आवाज़ ही उसकी पहचान होती है, और उसी आवाज़ से श्रोता खुशी, करुणा और भावनाओं का अनुभव करते हैं। यही कारण है कि आकाशवाणी आज भी प्रासंगिक है और लोगों की संवेदनाओं को जोड़ता है।

विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के कार्यपरिषद सदस्य राजेश सिंह कुशवाह ने मुख्य अतिथि के रूप में सतत शिक्षा अध्ययनशाला एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययनशाला में प्रसार भारती द्वारा आकाशवाणी उज्जैन केंद्र के लिए चयनित 68 उद्घोषकों/कम्पीयर्स के 7 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन समारोह को शलाका दीर्घा में संबोधित किया। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु अर्पण भारद्वाज ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्या भारती मालवा प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष प्रकाशचंद्र धनगढ़, आकाशवाणी भोपाल के कार्यक्रम प्रमुख राजेश भट्ट, सतत शिक्षा अध्ययनशाला के प्रभारी संचालक सुशील कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कुशवाह ने कहा कि उज्जैन में नया आकाशवाणी केंद्र खुलना मुख्यमंत्री मोहन यादव की दूरदृष्टि का परिणाम है। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में केवल आवाज़ पर ध्यान दिया गया, चेहरा या पहचान नहीं देखी गई। प्रशिक्षण 10 दिनों में सम्पन्न करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन प्रतिभागियों ने अनुशासन और लगन से इसे सफल बनाया। उन्होंने बताया कि उज्जैन की आवाज़ अब विश्व पटल पर गूँजेगी।
कार्यक्रम अध्यक्ष अर्पण भारद्वाज ने उद्घोषकों की प्रस्तुति और आवाज़ की सराहना करते हुए कहा कि रेडियो आज भी जनसंचार का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने उच्चारण और ध्वनि निर्माण की बारीकियों पर भी चर्चा की।
आकाशवाणी उज्जैन की कार्यक्रम प्रमुख सुश्री अनामिका चक्रवर्ती ने कहा कि यह स्टेशन केवल प्रसारण केंद्र नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने सभी चयनित उद्घोषकों को बधाई दी और कहा कि सबको मिलकर उज्जैन को नई ऊँचाइयों तक ले जाना है।
प्रशिक्षक संजीव मालवीय और पुरुषोत्तम श्रीवास ने प्रतिभागियों की तत्परता और सीखने की क्षमता की सराहना की। समारोह में सौरभ अवस्थी, अजय शर्मा, राजेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां वाग्देवी के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पण से की गई और कार्यक्रम का संचालन रश्मि बजाज ने किया।
#उज्जैन #आकाशवाणी #उद्घाटन #प्रशिक्षण #रेडियो #मीडिया