सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूआईटी–आरजीपीवी), भोपाल के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव “प्रवाह 2.0 – 2025” का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर आरजीपीवी के कुलसचिव प्रो. मोहन सेन, यूआईटी–आरजीपीवी के निदेशक प्रो. सुधीर सिंह भदौरिया, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी रवींद्र पटेल, संकाय सदस्य तथा विद्यार्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलसचिव मोहन सेन ने कहा कि “प्रवाह 2.0 केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, सहयोग और अभिव्यक्ति की क्षमता को प्रोत्साहित करने वाला प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजन विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और अधिक जीवंत बनाते हैं।”

यूआईटी–आरजीपीवी के निदेशक सुधीर सिंह भदौरिया ने कहा कि “इस वर्ष विद्यार्थियों की सहभागिता और रचनात्मक ऊर्जा उल्लेखनीय रही है। प्रवाह 2.0 जैसे मंच विद्यार्थियों को सीखने, प्रस्तुत करने और अपनी प्रतिभा को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करते हैं।”
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी रवींद्र पटेल ने कहा कि “महोत्सव की विभिन्न गतिविधियाँ विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और टीमवर्क को सशक्त करती हैं। हमें विश्वास है कि इन अनुभवों का उनके व्यक्तित्व विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।”

प्रवाह 2.0 की शुरुआत नाट्य उत्सव प्रतियोगिता से हुई, जिसमें 43 छात्र और 21 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता की थीम कॉलेज जीवन और हॉरर रहीं। निर्णायक के रूप में प्रो. ज्योत्स्ना चौहान, प्रो. स्वाति गुप्ता, डॉ. राजू बारस्कर, और डॉ. अंजना दीन उपस्थित रहीं। आयोजन डॉ. विनिता भटनागर के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
इसके पश्चात् दोपहर सत्र में चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। डॉ. अरुणा रावत के निर्देशन में सम्पन्न इस प्रतियोगिता में 14 प्रतिभागियों ने त्योहार, पौराणिक कथाएँ, अनुष्ठान और प्रकृति विषयों पर अपनी रचनात्मक कलाकृतियाँ प्रस्तुत कीं। मूल्यांकन डॉ. आर. के. चिदार, डॉ. अस्मिता मोघे और डॉ. रश्मि निगम द्वारा किया गया।
प्रवाह 2.0 के अंतर्गत फैशन शो, ट्रेज़र हंट, रंगोली, पेंटिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, डांस, ड्रामा सहित कुल 10 प्रमुख प्रतियोगिताएँ 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित की जा रही हैं।
प्रवाह 2.0 का प्रथम दिवस उत्साहपूर्ण वातावरण, प्रभावशाली सहभागिता और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
यूआईटी-आरजीपीवी, प्रवाह 2.0, सांस्कृतिक महोत्सव, कॉलेज फेस्ट, आरजीपीवी भोपाल, छात्र गतिविधियाँ, कैंपस लाइफ