सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : यूआईटी आरजीपीवी भोपाल में स्नातक स्तर पर प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को संस्थान की कार्यप्रणाली ,शैक्षणिक संरचना, विभिन्न विभाग, शिक्षणेत्तर गतिविधियां ,संस्थान के मूल्य एवं प्राध्यापकों से परिचय कराने हेतु आठ दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम दीक्षा आरम्भ कार्यक्रम विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में प्रारम्भ हुआ ।इंडक्शन प्रोग्राम आठ अगस्त तक चलेगा,कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो राजीव त्रिपाठी ,यूआईटी आरजीपीवी के निदेशक प्रो सुधीर सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष सहित प्राध्यापकगण उपस्थित थे।


इस अवसर पर उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति राजीव त्रिपाठी ने कहा कि वे अपनी शैक्षणिक यात्रा को उद्देश्य, ईमानदारी और निरंतर प्रयास के साथ अपनाएँ। प्रो. त्रिपाठी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि शिक्षा केवल करियर नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का माध्यम है। उन्होंने छात्रों को अंतर्विषयक अध्ययन को अपनाने, नवाचार को बढ़ावा देने और नैतिक मूल्यों में सदैव दृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सच्ची उत्कृष्टता केवल प्रशिक्षित पेशेवर बनने में नहीं, बल्कि एक उत्तरदायी, संवेदनशील और समाज-निर्माण हेतु समर्पित नागरिक बनने में निहित है।
इस अवसर पर यूआईटी आरजीपीवी निदेशक सुधीर सिंह भदौरिया ने छात्रों से आह्वान किया कि वे ज्ञान को एक परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में समझें और अपनी अपार संभावनाओं को बौद्धिक जिज्ञासा एवं नवाचारात्मक प्रयासों की दिशा में केंद्रित करें। उन्होंने एक इंजीनियर की यात्रा में जिज्ञासा, रचनात्मकता, समालोचनात्मक चिंतन और जीवनभर सीखते रहने की प्रवृत्ति को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि छात्र न केवल कुशल इंजीनियर बनें, बल्कि दया, संवेदना और उत्तरदायित्व के साथ समाज के लिए उपयोगी वैश्विक नागरिक बनने की भी आकांक्षा रखें।
उल्लेखनीय है कि दीक्षा आरम्भ कार्यक्रम के अंतर्गत स्नातक स्तर पर यूआईटी आरजीपीवी में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले नवागत विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संदर्भ में तकनीकी शिक्षा में बहुविषयक शिक्षा ,मल्टीपल एंट्री एग्जिट प्लेसमेंट, मूक्स पाठ्यक्रम, एनसीसी,एनएसएस, लाइब्रेरी, विद्यार्थी कल्याण संकाय,विभिन्न विभागों का परिचय कराया जाएगा साथ ही इंडस्ट्री एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ राजीव अग्रवाल का व्याख्यान भी सम्पन्न होगा।
उद्घाटन सत्र में विभागाध्यक्ष नितिन श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले समस्त विशिष्ट अतिथियों, संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। डॉ. श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के प्रति समर्पित सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासा, सहयोग तथा सतत ज्ञानवर्धन की भावना को अपने शैक्षणिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की अनुभवजन्य शैक्षणिक गतिविधियाँ छात्रों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

#दीक्षा_आरम्भ #यूआईटी_आरजीपीवी #नवागत_विद्यार्थी #प्रथम_वर्ष #शैक्षणिक_कार्यक्रम