सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण व्यापारी प्रतिनिधि बैठक में देशभर के 125 से अधिक प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने तुर्किये और अजरबैजान के साथ हर प्रकार के व्यापार और पर्यटन संबंधों के बहिष्कार का संकल्प लिया। यह निर्णय ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान का समर्थन करने वाले इन दोनों देशों के विरोधस्वरूप लिया गया है।

बैठक में तय किया गया कि केंद्र सरकार से आग्रह किया जाएगा कि वह तुर्किये और अजरबैजान के साथ व्यावसायिक संबंधों की मौजूदा नीति पर पुनर्विचार करे। इसके साथ ही भारतीय फिल्म उद्योग को चेतावनी दी गई है कि वे इन देशों में फिल्मों की शूटिंग बंद करें। यदि ऐसा नहीं किया गया, तो ऐसी फिल्मों का देशभर में बहिष्कार किया जाएगा।

व्यापारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि कोई भी कॉर्पोरेट हाउस तुर्किये और अजरबैजान में अपने उत्पादों के प्रमोशन के लिए शूटिंग नहीं करेगा। यह निर्णय व्यापारिक हितों, राष्ट्रीय अस्मिता और जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रप्रेम और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं के माध्यम से आम जनता को तुर्किये और अजरबैजान के पाकिस्तान-समर्थन पर सचेत किया जाएगा और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को और अधिक बल मिलेगा।

यह निर्णय वैश्विक कूटनीति में भारत की आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सम्मान की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

#तुर्किये #अजरबैजान #व्यापारबहिष्कार #दिल्लीबैठक #व्यापारियोंकीचेतावनी #फिल्मउद्योग #नीतिपुनर्विचार #ऑपरेशनसिंदूर #तिरंगायात्रा