सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी 10 दिन के दौरे पर चीन पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने रविवार को चेंगदू स्थित एविएशन इंडस्ट्री कॉम्पलेक्स का दौरा किया। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, वह इस जगह का दौरा करने वाले पहले विदेशी राष्ट्राध्यक्ष बने। उनके साथ बेटे बिलावल भुट्टो जरदारी और बेटी आसिफा भुट्टो-जरदारी भी मौजूद रहीं।
जरदारी ने J-10 और JF-17 थंडर जैसे लड़ाकू विमानों की तकनीक को नजदीक से देखा और इंजीनियरों व वैज्ञानिकों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि ये विमान पाकिस्तानी वायुसेना की रीढ़ साबित हुए हैं और भारत के खिलाफ संघर्षों में इनकी भूमिका अहम रही है। उन्होंने पांचवीं पीढ़ी के J-20 स्टील्थ फाइटर जेट के बारे में भी जानकारी ली।
जरदारी ने चीन की हाई-स्पीड ट्रेन का भी अनुभव किया और इसे “रेलवे इंजीनियरिंग का चमत्कार” बताया। उन्होंने चेंगदू से मियांयांग तक आधे घंटे की ट्रेन यात्रा की और इलेक्ट्रिक इंजन, भूकंप पूर्व चेतावनी तकनीकों तथा पर्यावरण अनुकूल सिस्टम की सराहना की।
चीन के अधिकारियों ने बताया कि उनके पास 45,000 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क है, जहां ट्रेनें 350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे का मकसद द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है। इसमें चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह प्रोजेक्ट चीन के शिनजियांग प्रांत को ग्वादर बंदरगाह से जोड़ता है और दोनों देशों की साझेदारी का अहम हिस्सा है।
#पाकिस्तान #जरदारी #चीन #J10C #CPEC