सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  : पाकिस्तानी मीडिया में बीते कुछ दिनों से अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पाकिस्तान यात्रा को लेकर जोरशोर से दावे किए जा रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप सितंबर में पाकिस्तान आ सकते हैं और उसके बाद भारत का दौरा करेंगे। लेकिन शुक्रवार को व्हाइट हाउस ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कर दिया कि डोनाल्ड ट्रंप फिलहाल पाकिस्तान की किसी यात्रा पर नहीं जा रहे हैं।

व्हाइट हाउस के इस बयान के बाद एक बार फिर पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किरकिरी हो गई है। पाकिस्तानी मीडिया में गुरुवार को दिनभर सूत्रों के हवाले से यह खबर चलाई जाती रही कि ट्रंप इस्लामाबाद आने वाले हैं। लेकिन खबरों की विश्वसनीयता पर तब सवाल खड़े हो गए जब व्हाइट हाउस ने आधिकारिक रूप से इसका खंडन किया।

इस मामले में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भी अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें ट्रंप की यात्रा को लेकर कोई सूचना नहीं मिली है। इसके साथ ही मीडिया चैनलों ने अपनी झूठी रिपोर्ट्स को आनन-फानन में हटा लिया। यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तानी मीडिया ने बिना पुष्ट जानकारी के ऐसे दावे किए हों।

गौरतलब है कि आखिरी बार वर्ष 2006 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने पाकिस्तान का दौरा किया था। तब से अब तक किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान की यात्रा नहीं की है।

इस फर्जी रिपोर्ट ने पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाया है और यह सवाल भी उठाया है कि क्या पाकिस्तानी मीडिया अंतरराष्ट्रीय मामलों की रिपोर्टिंग में ज़िम्मेदारी निभा रहा है?

#डोनाल्डट्रंप #पाकिस्तानमीडिया #व्हाइटहाउस #अमेरिकीन्यूज #फर्जीखबर #TrumpNews