सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर वैश्विक व्यापार पर कड़ा रुख अपनाते हुए कनाडा और ब्राजील समेत 21 देशों पर भारी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। उन्होंने गुरुवार को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को लेटर भेजकर बताया कि 1 अगस्त 2025 से कनाडा से आने वाले उत्पादों पर 35% टैरिफ लागू होगा। ट्रम्प ने चेतावनी दी कि यदि कनाडा ने कोई जवाबी कार्रवाई की, तो यह टैरिफ और बढ़ाया जाएगा।
इससे पहले मार्च 2025 में ट्रम्प प्रशासन ने कनाडा पर 25% शुल्क लगाया था। ट्रम्प ने टैरिफ के पीछे फेंटानिल तस्करी और कनाडा की व्यापार नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
इसी दिन ट्रम्प ने ब्राजील से आयात पर 50% टैरिफ की भी घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के खिलाफ चल रहे मुकदमे को “विच हंट” करार दिया और ब्राजील की न्यायपालिका की आलोचना की।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका अब तक 21 देशों को टैरिफ नोटिस भेज चुका है। इनमें फिलीपींस, ब्रुनेई, अल्जीरिया, मोल्दोवा, इराक, लीबिया जैसे नाम शामिल हैं। दक्षिण कोरिया और जापान जैसे सहयोगी देशों पर भी 25% शुल्क लगाया गया है।
1 अगस्त से ये टैरिफ लागू होंगे। विशेषज्ञ इसे ट्रम्प के वैश्विक व्यापार को पुनर्संतुलित करने की नीति का हिस्सा बता रहे हैं, जो अमेरिका को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश है। इससे वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ सकती है।
#डोनाल्ड_ट्रंप #कनाडा #टैरिफ #व्यापार_नीति #अमेरिका_कनाडा_संबंध #आर्थिक_तनाव