सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  इजराइल के हालिया सीरिया और गाजा हमलों ने अमेरिका और इजराइल के रिश्तों में तनाव पैदा कर दिया है। अमेरिकी मीडिया पोर्टल एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के रवैये से नाराज हैं। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने नेतन्याहू को “पागल” और “बच्चे जैसी हरकतें करने वाला” तक कह डाला है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल ने 16 जुलाई को सीरिया की राजधानी दमिश्क और ड्रूज बहुल शहर स्वेदा में हमले किए थे। इसके अगले दिन गाजा स्थित एकमात्र कैथोलिक चर्च पर भी इजराइली टैंकों ने बमबारी की, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई। इजराइली सेना ने इसे ‘गलती’ बताया, लेकिन अमेरिका इससे नाराज हो गया।

व्हाइट हाउस का मानना है कि नेतन्याहू “बेकाबू” हो चुके हैं और उनकी कार्रवाइयां ट्रम्प प्रशासन की शांति स्थापना योजना को कमजोर कर रही हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “बीबी (नेतन्याहू) हर जगह बम गिरा रहे हैं, इससे हमारी कोशिशें नाकाम हो रही हैं।”

सूत्रों के अनुसार, गाजा के चर्च पर हमले के बाद ट्रम्प ने नेतन्याहू को फोन कर जवाब मांगा और माफी की मांग की। इसके बाद नेतन्याहू ने एक आधिकारिक बयान जारी किया। वहीं, अमेरिका के विशेष दूत टॉम बैरक द्वारा 15 जुलाई को हमला रोकने की अपील भी नजरअंदाज कर दी गई।

इजराइली पक्ष का तर्क है कि ये हमले सीरिया में ड्रूज समुदाय की सुरक्षा के लिए किए गए, जो खुद इजराइल में भी सेना का हिस्सा हैं। हालांकि अमेरिका इस तर्क से संतुष्ट नहीं है और अब स्थिति को काबू में करने के लिए मध्यस्थता में जुट गया है। तुर्की में मौजूद अमेरिकी राजदूत ने दावा किया है कि दोनों पक्षों में सीमित युद्धविराम पर सहमति बन गई है।

#ट्रम्प #नेतन्याहू #सीरियाअटैक #अमेरिकाइजराइलतनाव #मिडलईस्टक्राइसिस