सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह ने संभाग के सभी जिलों में सीएम हेल्पलाइन की 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों पर सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विदिशा के खाद्य आपूर्ति अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिलों के सीएम हेल्पलाइन प्रभारी एडीएम को प्रत्येक सप्ताह राजस्व संबंधी शिकायतों की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग विदिशा की लंबित शिकायतों पर भी उन्होंने असंतोष जताया। किसान सम्मान निधि एवं प्राकृतिक आपदा राहत वितरण से जुड़े प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विदिशा जिले की लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए राजस्व उपायुक्त किरण गुप्ता को जिले में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।कलेक्टर्स- कमिश्नर्स कॉन्फ्रेंस के दौरान कृषि एवं एलाइड विभागों की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने कृषि एवं किसान कल्याण, उद्यानिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। भोपाल जिले में प्याज, लहसुन व सब्जी मसाला क्षेत्र का 400 हेक्टेयर विस्तार, विदिशा, सीहोर, रायसेन में 600 हेक्टेयर क्षेत्र विस्तार तथा राजगढ़ में संतरा क्षेत्र के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा गया।उन्होंने प्याज, लहसुन एवं टमाटर की पोस्ट-हार्वेस्टिंग के लिए देश की उन्नत तकनीकों का अध्ययन कर कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और प्राकृतिक आपदा से प्रभावितों को समय पर सहायता प्रदान करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

#समीक्षाबैठक #समयसीमापत्र #प्रशासन #निर्देश #सरकारीकार्य #निस्तारण #जिलाप्रशासन