सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / मुंबई : टाटा मोटर्स, इटली की जानी-मानी ट्रक निर्माता कंपनी इवेको को करीब 4.5 बिलियन डॉलर (लगभग ₹39,245 करोड़) में खरीदने की तैयारी कर रही है। इस संभावित सौदे की पुष्टि खुद इवेको ग्रुप ने करते हुए कहा है कि वह टाटा मोटर्स के साथ अपने कमर्शियल ट्रक बिजनेस की बिक्री को लेकर बातचीत कर रहा है।
अगर यह सौदा होता है तो यह टाटा मोटर्स का अब तक का सबसे बड़ा अधिग्रहण होगा। इससे पहले कंपनी ने 2008 में जगुआर लैंड रोवर को 2.3 अरब डॉलर में खरीदा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, टाटा मोटर्स इवेको के प्रमुख शेयरधारक अगनेली परिवार से उनकी 27.1% हिस्सेदारी खरीदेगी और बाकी शेयरधारकों के लिए टेंडर ऑफर जारी करेगी।
यह सौदा टाटा की कमर्शियल व्हीकल यूनिट को वैश्विक स्तर पर मजबूती देगा। जहां टाटा मोटर्स का लगभग 90% रेवेन्यू भारत से आता है, वहीं इवेको का 74% रेवेन्यू यूरोप से आता है। हालांकि, इस सौदे में इवेको का डिफेंस बिजनेस शामिल नहीं होगा।
इस खबर का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। 30 जुलाई को टाटा मोटर्स के शेयरों में 3% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई, जबकि इवेको के शेयरों में 29 जुलाई को 4.84% की बढ़त देखी गई।
यह सौदा टाटा मोटर्स की ग्लोबल ब्रांडिंग और बाजार में पकड़ को और भी मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
#टाटा_मोटर्स #इवेको #अधिग्रहण #कॉमर्शियल_व्हीकल #वैश्विक_विस्तार #ऑटोमोबाइल