भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। टीम ने इस फॉर्मेट में 47वीं बार 200+ स्कोर का आंकड़ा पार किया। वहीं हार्दिक पंड्या ने 109 मीटर लंबा सिक्स लगाया।
गुरुवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने 20 बॉल पर फिफ्टी लगाई। 210 रन का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज कर टूर्नामेंट इतिहास का नया रिकॉर्ड बना दिया। यह जीतों का सिलसिला 2024 सीजन से शुरू हुआ था। दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया हैं, जिनके नाम आठ-आठ लगातार जीत दर्ज हैं।
8वें ओवर में गेंदबाजी पर आए वरुण चक्रवर्ती ने पहली ही गेंद पर लॉरेन स्टीनकैंप को क्लीन बोल्ड कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उनकी फ्लाइटेड बॉल गुगली मिडिल स्टंप पर पिच होकर अंदर की ओर टर्न हुई। बल्लेबाज ड्राइव के प्रयास में चूक गए और गेंद मिडिल-लेग स्टंप से जा टकराई।
12वें ओवर की आखिरी गेंद पर शिवम दुबे ने शॉट खेला। गेंद रोकने की कोशिश में कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की हार्दिक पंड्या से टक्कर हो गई। हालांकि तुरंत बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर खेल भावना दिखाई।
#T20WorldCup #TeamIndia #भारतकीजीत